छत्तीसगढ़राज्य

किसानों को सुविधा और पारदर्शिता पर जोर, बालोद में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार

Contact Us :-8962856285 Contact Us :- 9862856285

बालोद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के मामले में बालोद जिला बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व और प्रशासनिक निगरानी में जिले के सभी 161 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। किसानों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

21 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 6,006 किसानों से 21,272.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें 17,426.48 मीट्रिक टन पतला, 3,374.64 मीट्रिक टन मोटा और 471.36 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है। प्रदेश में अब तक हुई कुल 2,14,936.40 मीट्रिक टन धान खरीदी में बालोद जिले की हिस्सेदारी लगभग 9.90 प्रतिशत दर्ज की गई है।

5,162 लाख रुपये से अधिक के भुगतान की प्रक्रिया पूरी

धान विक्रय करने वाले किसानों को भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है। जिले के 5,930 किसानों के कुल 5,162.51 लाख रुपये के भुगतान की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर बैंक को भेज दी गई है। इससे किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

ऋण वसूली में भी जिले की बेहतर प्रगति

धान खरीदी के साथ सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों के कृषि ऋण की लिंकिंग वसूली में भी बालोद जिले ने अच्छी प्रगति की है। 21 नवंबर तक जिले में 1,815.82 लाख रुपये यानी 18.15 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण वसूली की जा चुकी है।

वहीं, 23 नवंबर को जिले के सभी 161 उपार्जन केंद्रों के लिए 1,432 टोकन जारी किए गए। इनके माध्यम से 5,688.46 मीट्रिक टन धान खरीदी प्रस्तावित है। इसमें तुंहर टोकन मोबाइल ऐप से 1,133 और समिति स्तर पर 299 टोकन जारी किए गए हैं।

किसानों की सुविधाओं पर प्रशासन का विशेष ध्यान

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट के माध्यम से पारदर्शी तौल की व्यवस्था भी की गई है।

उपार्जन केंद्रों में नियुक्त नोडल अधिकारी और निगरानी दल नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेचने की सुविधा देना और पूरी खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखना है।

Related Articles

Back to top button