छत्तीसगढ़राज्य

मीडिया से रूबरू हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह कहा – साइबर अपराध पर सख्ती, अवैध धंधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति

Contact Us :- 9862856285 Contact Us :- 9862856285

रायगढ़ । रायगढ़ जिले की पुलिसिंग को नया नेतृत्व मिलने के साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट और सख्त विजन सामने आया है। नव पदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बुधवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में आयोजित परिचयात्मक बैठक के दौरान जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से संवाद कर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने सेवाकाल का परिचय देते हुए बताया कि वर्ष 1997 में डीएसपी के रूप में चयन के बाद उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों एवं बटालियनों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना है। रायगढ़ पुलिस इसी लक्ष्य को केंद्र में रखकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

कम्युनिटी पुलिसिंग पर विशेष जोर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कम्युनिटी पुलिसिंग को पुलिस व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। इससे जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा पुलिस सेवा का भरोसेमंद माध्यम बनेगी।

साइबर अपराध वर्तमान की बड़ी चुनौती

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साइबर अपराध को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए रायगढ़ जिले को नया साइबर पुलिस थाना मिलने पर जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों से लैस यह साइबर थाना ऑनलाइन फ्रॉड, ठगी और डिजिटल अपराधों के पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा

पत्रकारों के सवालों के जवाब में एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मीडिया और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी।

सुरक्षित रायगढ़ के लिए साझा प्रयास जरूरी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस, समाज और मीडिया के संयुक्त प्रयासों से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध-मुक्त रायगढ़ का निर्माण संभव है। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, उप पुलिस अधीक्षक सुशांतो बनर्जी सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button