छत्तीसगढ़राज्य

बारिश में बढ़ा सर्पदंश का खतरा, झाड़-फूंक नहीं, तुरंत अस्पताल पहुंचाएं मरीज

मुंगेली । बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। खेत-खलिहानों, झाड़ियों, नमी वाले स्थानों और घरों के आसपास सांप निकलने की संभावना अधिक रहती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और सर्पदंश की स्थिति में बिना समय गंवाए पीड़ित को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाने की अपील की है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार सर्पदंश होने पर घबराने के बजाय पीड़ित को शांत रखें और उसे अनावश्यक चलने-फिरने न दें। जिस अंग पर सांप ने काटा है उसे स्थिर रखें तथा जल्द से जल्द चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएं। झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या घरेलू उपचार के भरोसे समय गंवाना जानलेवा साबित हो सकता है।

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि सर्पदंश वाले स्थान को काटने, चूसने, जलाने या चीरा लगाने का प्रयास न करें। रस्सी या कपड़े से प्रभावित अंग को अत्यधिक कसकर न बांधें और पीड़ित को शराब या अन्य नशीले पदार्थ न दें। साथ ही सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश भी न करें। यदि संभव हो तो सुरक्षित दूरी से सांप की पहचान संबंधी जानकारी चिकित्सक को दें।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करने, खेतों और झाड़ियों में काम करते समय जूते एवं सुरक्षित कपड़े पहनने, घर के आसपास घास और कचरा साफ रखने तथा जमीन पर सोने से बचने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि सर्पदंश की स्थिति में अंधविश्वास से दूर रहकर समय पर अस्पताल पहुंचाने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।

 

Related Articles

Back to top button