
रायपुर। 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक अवसर पर बुधवार को रायपुर में भव्य जुलूसे ईद मिलादुन्नबी ﷺ निकाला गया। शहर सीरतुन्नबी कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस जुलूस में शहर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान अमन, मोहब्बत, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
जुलूस का आयोजन हुजूर हसनुल मशाइख हजरत सय्यद हसन अशरफ अशरफुल जिलानी, किछौछा मुकद्दसा, उत्तर प्रदेश की सरपरस्ती और कायदत में किया गया। उनके दस्त-ए-मुबारक से परचम-कुशाई की रस्म अदा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में उलमा-ए-किराम, बुजुर्गाने दीन, जिम्मेदारान-ए-कौम, मोहल्ला कमेटियों के पदाधिकारी और अकीदतमंद मौजूद रहे।
जुलूसे ईद मिलादुन्नबी ﷺ महबूबिया चौक, बैजनाथपारा से रवाना हुआ और शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सीरत मैदान पहुंचा। रास्तेभर नात, सलाम और दरूद-ओ-सलाम की सदाओं से माहौल गूंजता रहा। जुलूस में शामिल लोगों ने अमन, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया।
जुलूस की खास बात घोड़े, सजे हुए ऊंट, आकर्षक झांकियां और फूलों से सजी कारें रहीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी कारों को विशेष रूप से सजाकर मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ का इजहार किया। हजारों अकीदतमंदों ने अनुशासन और सौहार्द के साथ जुलूस में हिस्सा लिया।
सीरत मैदान में हुआ मुख्य कार्यक्रम
सीरत मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उलमा-ए-किराम ने नबी-ए-करीम हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ की सीरत-ए-पाक पर रोशनी डाली। वक्ताओं ने कहा कि सीरत-ए-मुस्तफा ﷺ इंसानियत को रहमत, मोहब्बत, सहिष्णुता, सम्मान और भाईचारे का रास्ता दिखाती है। उन्होंने समाज में आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर देश में अमन-ओ-आमान, तरक्की और खुशहाली के साथ छत्तीसगढ़ एवं रायपुर की सलामती के लिए विशेष दुआ की गई। सभी इंसानों की सलामती और मुल्क में एकता एवं सद्भाव कायम रहने की भी दुआ मांगी गई। इसके बाद सीरत मैदान में आम लंगर का आयोजन किया गया।
कमेटी पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
शहर सीरतुन्नबी कमेटी के सदर मोहम्मद सोहेल सेठी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में कमेटी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मोहल्ला कमेटियों, वालंटियर्स और सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चीफ ऑर्गेनाइजर मोहम्मद सिराज और मीडिया प्रभारी अब्दुल नादिर खान सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं और संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग, फाउंडर मेंबर हाजी शेख नजीमुद्दीन, जनरल सेक्रेटरी हाजी सबीहुद्दीन, वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिज़वी, हाजी बदरुद्दीन खोखर, इकबाल शरीफ, डॉ. मुजाहिद अली फारूकी, मोइनुद्दीन, मुफ्ती एहतेशाम अली फारूकी सहित बड़ी संख्या में उलमा और जिम्मेदारान-ए-कौम मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व महापौर एजाज ढेबर, शेख शकील, नादिर खान, गुड्डा सेठी, अयान सेठी, आदि सेठी, एजाज खान, फिरोज खान, शेख यूनुस, नूरा खान, हाजी रिजवान, नासिर खान, कारी इमरान साहब, शहर काजी सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और मोहल्ला कमेटियों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
शहर सीरतुन्नबी कमेटी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासन, पुलिस प्रशासन, मीडिया, वालंटियर्स, मोहल्ला कमेटियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सभी अकीदतमंदों का आभार व्यक्त किया। कमेटी ने कहा कि जुलूसे ईद मिलादुन्नबी ﷺ ने रायपुर की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी मोहब्बत और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।


