
रायपुर। वेंकटेश साहित्य मंच द्वारा ‘अबला नहीं, सबला हूं’ विषय पर काव्य संध्या एवं सशक्त नारी सम्मान समारोह का आयोजन रविवार, 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से वृन्दावन सभागृह, सिविल लाइन में किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक मुकेश गुप्ता ने बताया कि समारोह में साहसी और जुझारू नारी शक्तियों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर भिलाई के लेखक पोषण कुमार की कृति ‘बोलते शब्द’ का विमोचन भी होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया उपस्थित रहेंगी। विशिष्ट अतिथियों में कवयित्री डॉ. वीणा सिंह रागी, शुभा शुक्ला, सुषमा बग्गा, वैदिक न्यूज चैनल की मैनेजिंग डायरेक्टर सैय्यद सलमा और समाजसेविका अजीत कुजूर शामिल होंगी।
समारोह में लगभग 50 रचनाकार अपनी काव्य प्रस्तुतियां देंगे, वहीं 30 से अधिक नारी शक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के साहस, संघर्ष और उपलब्धियों को सम्मान देना तथा समाज में नारी सशक्तिकरण का संदेश प्रसारित करना है।



