छत्तीसगढ़राज्य

जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन 31 अक्टूबर को खैरागढ़ में, नौ विधाओं में युवा दिखाएंगे प्रतिभा

Contact Us :-8962856285 Contact Us :- 9862856285
  • सांसद श्री संतोष पाण्डेय होंगे मुख्य अतिथि, विधायक श्रीमती यशोदा निलाम्बर वर्मा करेंगी अध्यक्षता
  • लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में जिले के युवा करेंगे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन
  • कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में आयोजन की तैयारियां, राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय में होगा युवा उत्सव

खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में युवाओं की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, कैंपस-2, खैरागढ़ में किया जाएगा। मुख्य समारोह प्रातः 10:30 बजे प्रारंभ होगा। आयोजन कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में संपन्न होगा।

सांसद श्री संतोष पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में होगा युवा उत्सव

जिला स्तरीय युवा उत्सव में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पाण्डेय मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा निलाम्बर वर्मा करेंगी। डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार, उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी शैलेन्द्र त्रिपाठी, जनपद पंचायत छुईखदान अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा प्रकाश वर्मा, नगर पालिका परिषद खैरागढ़ अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर, नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष श्री लाल टाकेश्वर शाह खुशरो, नगर पंचायत गंडई अध्यक्ष श्रीमती नम्रता किशोर दास वैष्णव सहित विभिन्न नगरीय निकायों एवं पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

नौ विधाओं में युवा दिखाएंगे कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा

जिला स्तरीय युवा उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला (पेंटिंग), कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा एवं रॉकबैंड सहित कुल नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

लोकनृत्य एवं लोकगीत में प्रतिभागी छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की प्रस्तुति देंगे। चित्रकला एवं कविता लेखन में युवा अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन करेंगे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। वहीं क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज एवं विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के जरिए युवाओं को नवाचार और मौलिक विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे प्रतियोगिताओं में भाग

युवा उत्सव के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। लोकनृत्य एवं लोकगीत के प्रत्येक दल में अधिकतम सात प्रतिभागी और तीन संगतकार शामिल हो सकेंगे। नुक्कड़ नाटक एवं रॉकबैंड में अधिकतम 10 सदस्य प्रति दल निर्धारित हैं। अन्य विधाओं में निर्धारित संख्या एवं नियमों के अनुसार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित की गई समय-सीमा

लोकनृत्य एवं लोकगीत की प्रस्तुति के लिए पांच से आठ मिनट तथा नुक्कड़ नाटक के लिए सात मिनट का समय निर्धारित किया गया है। नुक्कड़ नाटक में मंच व्यवस्था के लिए अतिरिक्त तीन मिनट दिए जाएंगे। चित्रकला प्रतियोगिता के लिए अधिकतम छह घंटे, कविता लेखन के लिए 90 मिनट तथा क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज के लिए अधिकतम 60 सेकंड की समय-सीमा निर्धारित है। रॉकबैंड की प्रस्तुति अधिकतम 20 मिनट की होगी।

विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के अंतर्गत ऑनलाइन चरण एवं चयनित प्रतिभागियों के जिला स्तरीय पीपीटी राउंड के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजन की तैयारियां

जिला प्रशासन द्वारा आयोजन के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। युवा उत्सव के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

जिला स्तरीय युवा उत्सव जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी पहचान स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

Related Articles

Back to top button