
रायपुर। कांग्रेस के कथित वोट चोरी अभियान को लेकर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना आधार के आरोप लगाकर कानूनी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। अपनी कमजोरियों पर आत्ममंथन करने के बजाय कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया को निशाना बना रही है। साव के मुताबिक, 17 नगरीय निकायों के चुनाव में कांग्रेस ने पहले ही हार मान ली है और अब हार के लिए बहाने तलाश रही है।
भूपेश बघेल के बयान पर भी साधा निशाना
गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान अरुण साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सोशल मीडिया पोस्ट पर भी प्रतिक्रिया दी। बघेल ने पोस्ट में लिखा था कि राहुल गांधी के सामने सबकी लाइन-लेंथ बिगड़ रही है। इस पर साव ने तंज कसते हुए कहा कि किसकी लाइन-लेंथ बिगड़ रही है, यह पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिनसे हाथ मिला रहे हैं और गले लग रहे हैं, उन्हें भी कोई खास महत्व नहीं दे रहा है। साव ने दावा किया कि जिस नेता के नेतृत्व में कांग्रेस 100 चुनाव हार चुकी है, उसे कौन गंभीरता से लेगा।
SIR के मुद्दे पर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर भाजपा के कार्टून पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर घुसपैठियों के पक्ष में खड़े होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में 12 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार रही। उस समय इस प्रक्रिया को लेकर इस तरह का विरोध नहीं हुआ।
साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब SIR को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जब जनता कांग्रेस को वोट नहीं दे रही है, तो वोट चोरी का सवाल कहां उठता है।
विपक्ष पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप
भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान पर बोलते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा जनता के बीच जाकर विपक्ष के आरोपों और गतिविधियों को उजागर करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन मुद्दों का आम जनता से कोई सीधा संबंध नहीं है, उन्हें उठाकर देश को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। साव ने कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों के पक्ष में खड़ी है, जो मतदाता बनने की पात्रता नहीं रखते। उन्होंने विदेशी षड्यंत्र के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिशों का भी आरोप लगाया।
उप मुख्यमंत्री के इन बयानों से साफ है कि SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।



