देश

नहीं रहे शिवराज पाटिल, 90 वर्ष की उम्र में महाराष्ट्र के लातूर में ली अंतिम सांस

Contact Us :- 9862856285 Contact Us :- 9862856285

मुंबई . कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को महाराष्ट्र के लातूर में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री पाटिल ने आज सुबह लगभग 6:30 बजे लातूर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे और लातूर में ही उनका इलाज चल रहा था। श्री पाटिल ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में केंद्रीय गृहमंत्री और रक्षा मंत्री सहित कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वह लोकसभा अध्यक्ष भी रहे।

बारह अक्टूबर 1935 को जन्मे श्री पाटिल महाराष्ट्र के लातूर से सात बार सांसद रहे। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में उन्हें गृह मंत्री, रक्षा मंत्री का कार्यभार सौंपा गया था। उन्होंने 1991 से 1996 तक देश के 10वें लोकसभा अध्यक्ष के तौर पर काम किया। उन्होंने 2010 से 2015 तक पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक के तौर काम किया।

श्री पाटिल 2008 के मुंबई हमलों के समय देश के गृहमंत्री थे और इस हमले के बाद हुई व्यापक आलोचना के बाद उन्होंने 30 नवंबर 2008 को घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

श्री पाटिल ने हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से विज्ञान में डिग्री प्राप्त की और बॉम्बे विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। वह 1967-69 के दौरान लातूर नगर पालिका में कार्यरत रहे। श्री पाटिल पंचमसाली लिंगायत समुदाय से थे। उन्होंने जून 1963 में विजया पाटिल से शादी की थी। उनके दो बच्चे एक पुत्र और एक पुत्री हैं। वह सत्य साई बाबा के कट्टर अनुयायी भी थे।

Related Articles

Back to top button