छत्तीसगढ़राज्य

मुख्यमंत्री विद्यार्थी उत्कर्ष योजना : उत्कृष्ट निजी स्कूलों में कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा का अवसर

Contact Us :-8962856285 Contact Us :- 9862856285
  • 20 जून तक आवेदन आमंत्रित

रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थियों के लिए उत्कर्ष योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 6वीं में प्रवेश की राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीण अंचलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रतिष्ठित एवं उत्कृष्ट निजी विद्यालयों में अध्ययन का अवसर देना है। चयनित छात्र-छात्राओं को कक्षा 6वीं से 12वीं तक की शिक्षा पूर्णतः निःशुल्क मिलेगी, जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

05 जुलाई को होगी राज्य स्तरीय परीक्षा
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अनुसार, योजना में प्रवेश के लिए राज्य स्तरीय लिखित चयन परीक्षा 05 जुलाई 2026 (रविवार) को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को एक गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

पात्रता एवं मापदंड
आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। छात्र वर्तमान में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत हो तथा कक्षा 4वीं की वार्षिक परीक्षा में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया हो। अभिभावक की सभी स्रोतों से कुल वार्षिक आय 2.50 लाख रूपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैध आय प्रमाण पत्र और स्वघोषणा पत्र आवश्यक है। यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लिए है। इसलिए केवल ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और नगर पंचायत क्षेत्र के स्कूलों से कक्षा 4वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी ही इसके पात्र होंगे। आवेदकों को अपने मूल निवास जिले में ही आवेदन करना होगा।

महत्वपूर्ण तिथियां और चयन प्रक्रिया
20 जून 2026 (शाम 5 बजे तक) तक पात्र विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित आवेदन पत्र अपने विद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि। 22 जून 2026 तक विद्यालय प्रमुखों द्वारा आवेदनों की जांच कर उन्हें संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजना। 24 जून 2026 तक विकासखंड स्तर से संकलित सूची सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय को प्रेषित करना।

विभाग की अपील
विभाग ने प्रदेश के सभी प्रधान पाठकों, शिक्षकों और शिक्षा अधिकारियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के पात्र एवं मेधावी ग्रामीण छात्र-छात्राओं को इस योजना की जानकारी दें और अधिक से अधिक आवेदन फॉर्म भरवाने में सहयोग करें, ताकि प्रतिभावान बच्चों के उज्जवल भविष्य का निर्माण हो सके।

Related Articles

Back to top button