छत्तीसगढ़राज्य

स्मार्ट एवं सतत कृषि को लेकर युवाओं ने रखे नवाचार, लाइवलीहुड कॉलेज में आयोजित हुआ वीबीवाईएलडी गोलमेज सम्मेलन

Contact Us :-8962856285 Contact Us :- 9862856285

दंतेवाड़ा, माई भारत एवं भोर संस्था के संयुक्त तत्वावधान में वीबीवाईएलडी (विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग) गोलमेज सम्मेलन का आयोजन लाइवलीहुड कॉलेज, दंतेवाड़ा में  किया गया। सम्मेलन का विषय “स्मार्ट एवं सतत कृषि के माध्यम से उत्पादकता बढ़ाना” रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ते हुए कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीक और स्थानीय अनुभवों के आधार पर उनके सुझावों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना था।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्री चैतराम अटामी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बस्तर की पारंपरिक कृषि पद्धतियों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और वैज्ञानिक सोच से जोड़कर किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है तथा कृषि को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाया जा सकता है। परिचर्चा सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश ने मौसम आधारित कृषि प्रबंधन, आंकड़ों पर आधारित खेती तथा उन्नत बीजों के उपयोग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वनस्पति वैज्ञानिक श्री गणेश निषाद ने लघु वनोपज, स्थानीय जैव-विविधता के संरक्षण एवं उसके वैज्ञानिक विपणन की आवश्यकता बताई। वहीं जैविक खेती विशेषज्ञ श्री सुरेश नाग ने प्राकृतिक खेती को लागत घटाने, भूमि की उर्वरता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बताया।

खुले संवाद सत्र में युवाओं ने कृषि उद्यमिता, डिजिटल कृषि, बाजार से बेहतर जुड़ाव, किसानों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण तथा स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन जैसे विषयों पर अपने सुझाव साझा किए। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में प्राप्त सभी सुझावों को संकलित कर नीतिगत प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा, जिसे संबंधित शासकीय एवं प्रशासनिक विभागों को भेजा जाएगा ताकि भविष्य की कृषि नीतियों में युवाओं के विचारों को स्थान मिल सके। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जिला रोजगार अधिकारी श्री अमित वर्मा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा प्रतिभागी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button