
छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के MBBS इंटर्न डॉक्टर्स आज दिनांक 04 अगस्त 2026 से अपनी न्यायोचित मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण हड़ताल पर जा रहे हैं।
इसी क्रम में पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा), रायपुर के इंटर्न डॉक्टर्स द्वारा आज दोपहर 3:30 बजे एक शांतिपूर्ण बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा।
रैली मार्ग – डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) → देवेंद्र नगर चौक → घड़ी चौक → मरीन ड्राइव → पुनः उसी मार्ग से वापसी।
हमारी प्रमुख मांग – MBBS इंटर्न डॉक्टर्स की सरकार से केवल एक प्रमुख मांग है कि वर्तमान में मिलने वाली ₹15,900 प्रतिमाह की स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह किया जाए।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में इंटर्न्स को देश के अनेक राज्यों की तुलना में काफी कम स्टाइपेंड प्राप्त होता है। उदाहरणस्वरूप, पश्चिम बंगाल में लगभग ₹43,000, ओडिशा में ₹42,000, बिहार में ₹27,000 तथा अन्य कई राज्यों में ₹30,000 से ₹45,000 प्रतिमाह तक स्टाइपेंड दिया जा रहा है। ऐसी स्थिति में छत्तीसगढ़ के इंटर्न डॉक्टर्स भी अपनी मेहनत एवं कार्यभार के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड की अपेक्षा रखते हैं।
इंटर्न डॉक्टर्स प्रतिदिन अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। वे 24-24 घंटे की निरंतर इमरजेंसी ड्यूटी करते हैं तथा कई अवसरों पर 24 घंटे की ड्यूटी के तुरंत बाद भी ओपीडी में अपनी सेवाएं देते हैं। इसके अतिरिक्त वे CCU, ICU, PICU, SICU, इमरजेंसी, वार्ड एवं अन्य गंभीर रोगी देखभाल इकाइयों में लगातार कार्य करते हुए मरीजों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हमारा उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि सरकार का ध्यान इस वास्तविक स्थिति की ओर आकर्षित करना है। हम राज्य सरकार से विनम्र एवं शांतिपूर्ण आग्रह करते हैं कि MBBS इंटर्न डॉक्टर्स के कार्यभार, जिम्मेदारियों एवं अन्य राज्यों में प्रचलित स्टाइपेंड को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में भी स्टाइपेंड को ₹30,000 प्रतिमाह किया जाए।
इस बाइक रैली में लगभग 100-120 इंटर्न डॉक्टर रहेंगे और 50-60 बाइक व स्कूटी रहेगी।
यह आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं जनहित में आयोजित किया जा रहा है।
जारीकर्ता
Dr.Piyush Shrivastava (JDA Raipur President)
Junior Doctors Association, Chhattisgarh
Pt. JNM Medical College एवं Dr. B.R. Ambedkar Memorial Hospital (MEKAHARA), Raipur
Dr. Sanskar Gupta (JDA Intern Representative)
6260638811



