छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में पहली बार TBI तकनीक से सफल बोन मैरो ट्रांसप्लांट, श्री बालाजी हॉस्पिटल ने रचा इतिहास

गंभीर संक्रमण के बीच डॉक्टरों की टीम ने दी चुनौती को मात, 5 वर्षीय बच्चे को मिली नई जिंदगी

Contact Us :-8962856285 Contact Us :- 9862856285

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। रायपुर के मोवा स्थित श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल में 5 साल के बच्चे का एलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया। बच्चा वेरी सीवियर एप्लास्टिक एनीमिया (VSAA) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था। यह छत्तीसगढ़ के किसी मेडिकल कॉलेज में हुए पहले बोन मैरो ट्रांसप्लांट के रूप में बताया गया है। खास बात यह है कि राज्य में पहली बार इस प्रक्रिया के दौरान टोटल बॉडी इरेडिएशन (TBI) तकनीक का इस्तेमाल किया गया।

  • ट्रांसप्लांट के समय बच्चे की हालत बेहद गंभीर

यह ट्रांसप्लांट कई चिकित्सकीय चुनौतियों के बीच किया गया। ऑपरेशन के समय बच्चे को न्यूट्रोपेनिक कोलाइटिस और निमोनिया था। शरीर में संक्रमण से लड़ने वाली श्वेत रक्त कोशिकाओं का स्तर बेहद कम था। बच्चे का टीएलसी महज 300 प्रति माइक्रोलीटर था, जबकि सामान्य स्तर 4000 से 11000 के बीच होता है।

ऐसी गंभीर स्थिति में बोन मैरो ट्रांसप्लांट करना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी। संक्रमण और अन्य जटिलताओं को संभालते हुए पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया गया।

  • क्या है TBI तकनीक?

टोटल बॉडी इरेडिएशन (TBI) एक विशेष रेडिएशन तकनीक है, जिसमें बोन मैरो ट्रांसप्लांट से पहले मरीज के पूरे शरीर को नियंत्रित मात्रा में रेडिएशन दिया जाता है। इसका उद्देश्य मरीज की प्रतिरक्षा प्रणाली को दबाना और डोनर की स्वस्थ स्टेम सेल्स को शरीर में स्थापित होने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

  •  विशेषज्ञों और पूरी टीम के प्रयास से मिली सफलता

इस ऐतिहासिक उपलब्धि में श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल के कंसल्टेंट हेमेटोलॉजिस्ट एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. अंबर गर्ग, पीडियाट्रिशियन डॉ. निकिता पटेल, पीडियाट्रिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. वी. एन. राव और पीडियाट्रिक्स विभाग की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में दिल्ली और वेल्लोर के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों का भी सहयोग मिला। दिल्ली के RGCI के डॉ. दिनेश भुरानी एवं डॉ. रोहन तथा वेल्लोर के CMC के डॉ. बिजु जॉर्ज ने अपने अनुभव, मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग से इस प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

डॉ. अंबर गर्ग ने पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता किसी एक चिकित्सक के प्रयासों का परिणाम नहीं, बल्कि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन, चिकित्सकीय टीम की मेहनत, पीडियाट्रिक्स विभाग के सहयोग, नर्सिंग स्टाफ के समर्पण और सभी के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है। यह उपलब्धि टीमवर्क, आपसी समन्वय और समर्पित चिकित्सा सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

  • आर्थिक सहयोग से नहीं टली ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया

श्री बालाजी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक ने आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया। इससे आपातकालीन स्थिति में बिना देरी के ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू करना संभव हुआ। छत्तीसगढ़ में बोन मैरो ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में यह उपलब्धि राज्य की चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button