छत्तीसगढ़राज्य

धान बोने का दावा करने वाले किसानों के खेतों तक पहुंचेंगे अधिकारी, फसल का होगा सत्यापन

Contact Us :-8962856285 Contact Us :- 9862856285

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू बनाने के लिए राज्य सरकार ने खसरा मैपिंग और फसल संबंधी विसंगतियों के निराकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि फसल संबंधी दावा-आपत्तियों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाए और अद्यतन जानकारी 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराई जाए। वहीं, खसरा मैपिंग की प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संयुक्त रूप से इस संबंध में सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य पात्र किसानों को धान बेचने में होने वाली तकनीकी और अभिलेखीय परेशानियों से राहत देना है।

15 जनवरी 2027 तक पूरी होगी खसरा मैपिंग

निर्देशों के मुताबिक, ऐसे किसानों के खसरों की मैपिंग की जाएगी, जिनकी जमीन फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज है, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रही है। इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।

कलेक्टरों को सहकारी समितियों के माध्यम से ऐसे सभी मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। खसरा मैपिंग के लिए धान खरीदी की अवधि यानी 15 जनवरी 2027 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

खेतों में जाकर जांची जाएगी वास्तविक फसल

डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) में जिन खसरों में धान के बजाय दूसरी फसल दर्ज है, लेकिन किसान वहां धान बोने का दावा कर रहे हैं, ऐसे मामलों का मौके पर जाकर सत्यापन किया जाएगा।

इसके अलावा जिन खसरों की फसल प्रविष्टि डीसीएस और पीवी ऐप दोनों में उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण या सत्यापन नहीं हो पाया है, उनकी भी संबंधित तहसीलदार के माध्यम से जांच कराई जाएगी।

सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान किया जाएगा। साथ ही खेत में बोई गई वास्तविक फसल और उसके रकबे की जांच होगी। प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा और फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।

30 नवंबर तक देनी होगी सत्यापन रिपोर्ट

राज्य शासन ने अधिकारियों को सत्यापन के बाद सही और अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस जानकारी को सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदित कराकर 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा, ताकि फसल प्रविष्टि और संशोधन की आगे की कार्रवाई की जा सके।

पात्र किसानों को मिलेगी राहत

सरकार की इस पहल से खसरा मैपिंग और फसल संबंधी रिकॉर्ड में सामने आ रही विसंगतियों को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे वास्तविक धान उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज बेचने में होने वाली दिक्कतें कम होंगी। साथ ही धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button