छत्तीसगढ़राज्य

सुशासन तिहार- सेमरदर्री में जनसमस्या निवारण शिविर बना समाधान का सशक्त मंच

Contact Us :- 9862856285 Contact Us :- 9862856285
  • समाज के सभी वर्गों को मिल रहा शासकीय योजनाओं का लाभ : विधायक श्री मरपची
  • हर वर्ग तक पहुँच रहा योजनाओं का लाभ, 18 पंचायतों के ग्रामीण हुए लाभान्वित

रायपुर, सुशासन को जन-जन तक पहुँचाने और शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘सुशासन तिहार’ का आयोजन किया गया। इसके तहत गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के मरवाही जनपद के दूरस्थ क्लस्टर ग्राम पंचायत सेमरदर्री में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस शिविर में 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रस्तुत कीं। साथ ही, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की। ग्राम पंचायत सेमरदर्री के इस शिविर में कुल 616 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका निराकरण संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि मौके पर ही उनका समाधान करना और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण एवं ई-केवाईसी जैसी सेवाएं भी प्रदान की गईं। जिले में कुल 13 शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें से 10 ग्रामीण और 3 नगरीय क्षेत्रों में लगाए जा रहे हैं।

हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ वितरण

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, जिनमें राजस्व विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को आबादी पट्टा, एक को वन अधिकार के तहत किसान किताब तथा एक को नवीन किसान किताब प्रदान की गई। परिवहन विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को ड्राइविंग लाइसेंस वितरित किए गए। मछली पालन विभाग द्वारा दो हितग्राहियों को जाल एवं ट्रे प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चार गर्भवती माताओं की गोदभराई, एक शिशु का अन्नप्राशन तथा 11 बालिकाओं को नोनी सुरक्षा योजना का लाभ दिया गया। इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरदर्री की कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, ताकि शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का संदेश प्रसारित हो सके।

विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतार रही है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पंचायत का नागरिक अपनी सुविधा अनुसार किसी भी शिविर में समस्या रख सकता है, इसके लिए कोई भौगोलिक बाध्यता नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से शासन की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक निरंतर पहुँच रहा है।

इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राधा मुरारी लाल रैदास, जनपद सदस्य श्रीमती किशमिश भानू, एसडीएम देवेन्द्र सिरमौर, तहसीलदार प्रीति शर्मा, सीईओ विनय सागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button