
खैरागढ़ । खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत गातापार जंगल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के 10 कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं केसीजी जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने की मौजूदगी में सभी कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को गमछा पहनाकर और तिलक लगाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और संगठन की कार्यप्रणाली से भी नए सदस्यों को अवगत कराया।
विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक और जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और संगठन को परिवार की तरह समर्पित भाव से मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य चम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेसर साहू, टीके चंदेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, टोमेश साहू, संजय यदु, कमलेश भदौरिया, नरोत्तम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।



