
सूरजपुर । जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सड़क हादसे में प्रेमी की मौत के सदमे से उबर नहीं सकी 20 वर्षीय युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में वीरपाल नामक युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका गहरे सदमे में चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, प्रेमी की मौत के बाद युवती बेहद शांत रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी।
बुधवार को युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर करंजी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि युवती प्रेमी की आकस्मिक मौत से गहरे मानसिक आघात में थी और इसी सदमे में उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



