
रायपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र के आप पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और केंद्रीय कृषि मंत्री को काले झंडे दिखाए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। आप के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कहा कि किसानों की आवाज उठाने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को दबाने के लिए कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई कर रही है।
अभिषेक मिश्रा ने कहा कि किसानों से किए गए वादों को पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग की, ताकि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल सके।
आप ने किसान सम्मान निधि की रुकी हुई राशि जल्द जारी करने, एग्रीस्टेक और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को परेशान नहीं करने तथा आगामी धान खरीदी में किसानों की पूरी उपज खरीदने की मांग की।
पार्टी ने आधार, ई-केवाईसी, बैंक खाते, भूमि रिकॉर्ड समेत अन्य दस्तावेजों में होने वाली त्रुटियों को दूर करने के लिए विशेष शिविर लगाने की मांग भी उठाई। आप नेताओं का कहना है कि बड़ी संख्या में किसान दस्तावेजी समस्याओं के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशान हो रहे हैं।
आम आदमी पार्टी ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया और उनके हितों से खिलवाड़ जारी रहा, तो पार्टी प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।




