
- मत्स्यपालन को बढ़ावा देने सेवा संकल्प अभियान के तहत महिलाओं को मिले जाल और आइस बॉक्स
रायपुर , ग्रामीण जल संसाधनों के सदुपयोग से महिलाओं को आजीविका और उद्यम से जोड़ने की दिशा में अमृत सरोवर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत हर्राटीकरा में 10 वर्षीय लीज पर तालाब लेकर मत्स्यपालन कर रहा महिला स्व-सहायता समूह अब इस गतिविधि को आगे बढ़ाकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत समूह की तीन महिला सदस्यों को मत्स्य जाल और आइस बॉक्स प्रदान किए गए।
विकासखंड भैयाथान के ग्राम पंचायत कुरुवा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा के मुख्य आतिथ्य में सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह, कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री यशवंत प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं और विभागीय गतिविधियों से ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
मत्स्य जाल से समूह की महिलाओं को मछली पकड़ने में सुविधा होगी, जबकि आइस बॉक्स मछलियों को सुरक्षित रखने और बाजार तक पहुंचाने में उपयोगी रहेगा। इससे मछलियों की गुणवत्ता बनाए रखने और बेहतर विक्रय के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। उपलब्ध कराई गई सामग्री समूह के मत्स्यपालन कार्य को सुचारु बनाने और आय के साधन को मजबूत करने में सहायक होगी।
अमृत सरोवर के माध्यम से मत्स्यपालन ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और उद्यम का अवसर बन रहा है। समूह की महिलाएं सामूहिक प्रयास से उत्पादन और विक्रय की गतिविधियां संचालित कर रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक भागीदारी और निर्णय क्षमता को बल मिल रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत मिली यह सहायता महिलाओं को स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर आजीविका बढ़ाने, आत्मनिर्भर बनने और महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।



