वॉलीबॉल चैंपियंस लीग 2026 में छत्तीसगढ़ के एकमात्र एक्टिव अंतर्राष्ट्रीय रेफरी मोहम्मद गौस बेग को मिला आमंत्रण, बढ़ाया प्रदेश का मान ..

भारतीय वॉलीबॉल की सबसे बड़ी लीग मानी जा रही वॉलीबॉल चैंपियंस लीग (VCL) सीजन-1, 2026 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के गौरव को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। सरगुजा संभाग के एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी एवं छत्तीसगढ़ राज्य के एकमात्र एक्टिव अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी मोहम्मद गौस बेग को इस प्रतिष्ठित लीग में रेफरी के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह लीग 6 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक नोएडा इंडोर स्टेडियम उत्तर प्रदेश में आयोजित की जा रही है।
इस हाई-प्रोफाइल लीग के सफल संचालन के लिए पूरे भारत से चुनिंदा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के रेफरियों का चयन किया गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य से एकमात्र नाम मोहम्मद गौस बेग का है। यह उपलब्धि न केवल सूरजपुर जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि मोहम्मद गौस बेग छत्तीसगढ़ शासन के सर्वोच्च खेल सम्मान वीर हनुमान सिंह पुरस्कार से सम्मानित हैं। वे सरगुजा संभाग से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले एकमात्र वॉलीबॉल रेफरी हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ के एकमात्र एक्टिव अंतर्राष्ट्रीय रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस लीग के सभी मैचों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स 3 और डीडी स्पोर्ट्स पर प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से किया जाएगा।
इस सीजन में भारत की 10 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। जिसमें राजस्थान स्पाइकर्स, गरवी गुज्जुस, अयोध्या गर्जन, एम्पेरिया मराठास, पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स, हुगली हिटर्स, तमिल टाइटंस, नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स, हरियाणा हरिकेंस और दिल्ली डायनामाइट्स शामिल हैं। इस मेगा इवेंट में भारत के वालीबॉल खेल के सभी स्टार खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रर्दशन करेंगे। दर्शक पूरे रोमांचक मुकाबले का लुत्फ स्टेडियम के अलावा भी टीवी में दिखाई जा रही लाइव प्रसारण के माध्यम से भी मैंचो का आनंद लें सकेंगे।
विदित हो कि मोहम्मद गौस बेग को वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप, नेशनल गेम्स, फेडरेशन कप, यूथ चैंपियनशिप, जूनियर चैंपियनशिप, सब-जूनियर चैंपियनशिप, मिनी चैंपियनशिप तथा ऑल इंडिया पुलिस गेम्स एवं इंटर सर्विसेज चैंपियनशिप के साथ साथ भारत के अनेकों राज्यों में आयोजित आल इंडिया एवं वालीबाल के विभिन्न बड़े प्रतियोगिता के सैकड़ों मैंचो में रेफरी की भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन किया गया है। इनके द्वारा खेल के क्षेत्र में भारत में सूरजपुर जिला का हमेशा मान सम्मान बढ़ाया है।



