छत्तीसगढ़राज्य

लोधेश्वरधाम में 22 नवंबर को होगा भव्य दीपावली मिलन समारोह, चंबल के टाइगर प्रीतम लोधी होंगे मुख्य अतिथि

वार्षिक सम्मेलन एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन में देशभर से जुटेंगे लोधी समाज के लोग, स्मारिका का भी होगा विमोचन

Contact Us :-8962856285 Contact Us :- 9862856285

रायपुर। लोधी क्षत्रिय समाज रायपुर के तत्वावधान में 22 नवंबर को कुम्हारी टोल प्लाजा के समीप स्थित लोधेश्वरधाम में वार्षिक सम्मेलन, युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर स्मारिका का विमोचन भी होगा। कार्यक्रम में देशभर से लोधी समाज के स्वजातीय बंधु शामिल होंगे। वहीं विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक-दूसरे से परिचय प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।

आयोजन में ग्वालियर-चंबल के चर्चित नेता एवं पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं बरगी (जबलपुर) के विधायक नीरज सिंह ठाकुर तथा वृंदावनधाम की महामंडलेश्वर साध्वी अंबालिका किशोरी प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा पिछोर मध्यप्रदेश की कथावाचक साध्वी राधिका किशोरी लोधी एवं वृंदावनधाम की आध्यात्मिक वक्ता लोधी ममता किशोरी विशेष रूप से शामिल होंगी।

लोधेश्वरधाम के अध्यक्ष सुरेश कुमार सुलाखे ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को पहले की अपेक्षा और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में नागपुर की लोधी समाज की स्वर कोकिला कल्याणी डहारे अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। वहीं नारायणगंज की जागरण गायिका रंजीता लोधी और बालाघाट की बेटी एवं मंडला मध्यप्रदेश की बहू गंगेश्वरी नगपुरे अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी।

कार्यक्रम का संगीतमय आगाज बालाघाट मध्यप्रदेश के कन्हैया मस्करे की धुनों से होगा। वहीं छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका शिवानी जंघेल (राजनांदगांव) छत्तीसगढ़ का राजगीत ‘अरपा पैरी के धार’ सहित अन्य लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी।

अध्यक्ष सुरेश कुमार सुलाखे ने बताया कि समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए परिचय सम्मेलन के साथ उनकी जानकारी स्मारिका में प्रकाशित की जा रही है। इसके लिए इच्छुक युवक-युवतियों एवं उनके परिजनों से शीघ्र अपना बायोडाटा और फोटो भेजने की अपील की गई है।

इसके साथ ही समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों, समितियों, संगठनों और संस्थाओं से भी प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं, ताकि उनकी उपलब्धियों को स्मारिका में स्थान देकर सम्मानित किया जा सके।

आयोजकों ने देशभर के लोधी समाज के स्वजातीय बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर वार्षिक सम्मेलन, परिचय सम्मेलन एवं दीपावली मिलन समारोह को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button