मनोरंजन

करीना कपूर के 200 साल पुराने शाही हार पर बवाल, कुरान की आयत वाले पेंडेंट को लेकर कानूनी नोटिस

Contact Us :-8962856285 Contact Us :- 9862856285

बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि दिवाली पर पहना गया 200 साल पुराना शाही हार है। करीना के इस हार में 30 कैरेट का पन्ना जड़ा है, जिस पर कुरान की पवित्र आयत ‘आयत-अल-कुर्सी’ उकेरी गई है। अब इसी पेंडेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

कांग्रेस नेता और पार्टी के नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अब्बास हफीज ने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो पर आपत्ति जताते हुए उन्हें हटाने, सार्वजनिक माफी मांगने और भविष्य में धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखने की मांग की है।

दिवाली लुक में दिखा था 30 कैरेट का खास पन्ना

करीना कपूर ने दिवाली के अवसर पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों में वह डिजाइनर पुनीत बलाना के बेज रंग के काफ्तान और मैचिंग पगड़ी में नजर आई थीं। उनके शाही अंदाज में सबसे ज्यादा चर्चा 30 कैरेट के पन्ने से बने खास पेंडेंट की हुई।

करीना का यह लुक उनकी करीबी दोस्त और सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने तैयार किया था। रिया ने बताया था कि अभिनेत्री ने करीब 200 साल पुरानी शाही जूलरी पहनी थी, जिसमें भोपाल के नवाब की कलगी और भोपाल की बेगम का ऐतिहासिक पन्ना शामिल था।

अब्बास हफीज ने क्यों भेजा कानूनी नोटिस?

अब्बास हफीज ने 11 नवंबर को करीना और रिया कपूर को नोटिस भेजकर संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, तस्वीरें और वीडियो हटाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में इस तरह की प्रस्तुति से बचने का आग्रह किया है।

उनका कहना है कि आपत्ति करीना के कपड़ों या उनकी व्यक्तिगत पसंद को लेकर नहीं है, बल्कि कुरान की पवित्र आयत को जिस अंदाज में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया, वह धार्मिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है।

कुरान की आयत को गहने में पहनने पर भी बहस

नोटिस में इस्लामी विद्वानों की राय का हवाला देते हुए कहा गया है कि कुरान की पवित्र आयतों को आभूषण के रूप में पहनने को लेकर भी अलग-अलग मत हैं। कुछ विद्वान ऐसी आयतों को गहनों में इस्तेमाल करने से बचने की सलाह देते हैं, ताकि उनकी धार्मिक गरिमा और सम्मान बना रहे।

भोपाल के शाही परिवार से जुड़ा है पेंडेंट

इस पेंडेंट का संबंध भोपाल और पटौदी के शाही परिवार से बताया गया है। भोपाल के नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी साजिदा सुल्तान, सैफ अली खान की दादी थीं। उनकी शादी इफ्तिखार अली खान पटौदी से हुई थी। उनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी यानी टाइगर पटौदी, सैफ अली खान के पिता थे।

इसी पारिवारिक विरासत के जरिए यह ऐतिहासिक आभूषण पटौदी परिवार तक पहुंचा और बाद में करीना ने इसे पहना।

व्यक्तिगत हैसियत से भेजा गया नोटिस

अब्बास हफीज ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने यह कानूनी नोटिस कांग्रेस पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि अपनी व्यक्तिगत हैसियत से भेजा है। उन्होंने दावा किया है कि इस पेंडेंट की प्रस्तुति से मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

फिलहाल करीना कपूर और रिया कपूर की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि करीना इस विवाद पर क्या रुख अपनाती हैं और क्या दिवाली की तस्वीरें सोशल मीडिया से हटाई जाती हैं।

Related Articles

Back to top button