मितानिन बहनों के त्याग, सेवा और समर्पण को पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने किया नमन, 88 मितानिनों का हुआ सम्मान
*मितानिनें स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत आधारशिला, कोरोना काल में अपने जीवन की परवाह किए बिना निभाई सेवा की जिम्मेदारी : शैलेश पांडेय*

**बिलासपुर।** मितानिन दिवस के अवसर पर आज 23 नवंबर को रमजानी बाबा शेड में मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर शहर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर बिलासपुर जिले की लगभग 88 मितानिन बहनों को उनके सेवा, समर्पण, त्याग और समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद किया। उन्होंने कहा कि जब किसी परिवार में बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी आती है, तब सबसे पहले मदद के लिए खड़ी होने वाली मितानिन बहनें ही होती हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में उनका योगदान अतुलनीय है।

उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान कोरोना काल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि लॉकडाउन के कठिन समय में जब लोग अपने घरों में रहने को मजबूर थे, उस समय मितानिन बहनें अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा में जुटी हुई थीं। उन्होंने कहा कि मैंने अपने सामने इन बहनों को दिन-रात मेहनत करते देखा है। उनका त्याग, तपस्या और समर्पण ऐसा योगदान है, जिसे मैं जीवनभर नहीं भूल सकता। आप सभी देवियों को मैं हृदय से प्रणाम करता हूं।
श्री पांडेय ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने मितानिनों की समस्याओं, भुगतान, ड्यूटी और कार्य से जुड़ी विसंगतियों को गंभीरता से समझा तथा उनके निराकरण के लिए प्रयास किए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मितानिन बहनों के अधिकार, सम्मान, सुविधाओं और भुगतान से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों को घोषणा पत्र में शामिल कराने और उनके हक की लड़ाई लड़ने का प्रयास किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने कहा कि उनके कार्यकाल में मितानिन बहनों के साथ लगातार संवाद और बैठकें होती थीं। उन्होंने उनके काम के दबाव, सरकारी योजनाओं के लक्ष्यों और जमीनी स्तर पर आने वाली परेशानियों को नजदीक से समझा है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने में मितानिन बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनका सम्मान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज को भी उनके योगदान का सम्मान करना चाहिए।
इस अवसर पर नगर निगम बिलासपुर के पूर्व सभापति शेख नजीरुद्दीन ने भी मितानिन बहनों के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था से लेकर प्रसव, नवजात शिशु की देखभाल और बच्चों के पोषण तक मितानिन बहनें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं और सरकारी कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने में भी उनका सहयोग सराहनीय है।
कार्यक्रम में रायपुर के आशीष पर्वत, नेता प्रतिपक्ष भारत कश्यप, रामा बघेल सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और मितानिन बहनों के सेवाभावी कार्यों की सराहना की।
समारोह में सम्मानित हुईं लगभग 88 मितानिन बहनों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उन महिलाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना, जो बिना किसी प्रचार और दिखावे के समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने में निरंतर जुटी रहती हैं।




