छत्तीसगढ़राज्य

नकली उर्वरक एवं बिना लेबल के रासायनिक उत्पादों के अवैध कारोबार पर कृषि विभाग, पुलिस एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की संयुक्त कार्रवाई

आरंग, रायपुर। किसानों के हितों की सुरक्षा एवं कृषि क्षेत्र में हो रही अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से आज कृषि विभाग आरंग, आरंग पुलिस तथा छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना आरंग के संयुक्त दल द्वारा ग्राम कलई (आरंग) स्थित एक गोदाम में जांच एवं छापामार कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना द्वारा प्राप्त शिकायत एवं प्रस्तुत आवेदन के आधार पर की गई।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश से आए कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा एक स्थानीय व्यक्ति के मकान को किराये पर लेकर गोदाम संचालित किया जा रहा था। उक्त व्यक्तियों द्वारा किसानों के घर-घर जाकर उर्वरक (खाद) के नाम पर ऑर्डर लिया जाता था तथा बाद में घर पहुंच सेवा के माध्यम से हरियाणा निर्मित संदिग्ध एवं संभावित नकली उर्वरकों का विक्रय किया जा रहा था।

संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच में यह भी पाया गया कि बिना किसी वैध लेबल, पंजीकरण संख्या एवं आवश्यक जानकारी के “किसान खाद ” “पोटास बायो” “माइको राजा” नाम से रासायनिक उत्पादों की बिक्री की जा रही थी। प्रथम दृष्टया यह कृषि एवं उर्वरक संबंधी नियमों के उल्लंघन का मामला प्रतीत होता है।

कार्रवाई की सूचना मिलते ही संबंधित आरोपी मौके से फरार हो गए। कृषि विभाग द्वारा गोदाम में उपलब्ध सामग्री, अभिलेखों एवं दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। वहीं आरंग पुलिस द्वारा भी मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने प्रदेश के किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के उर्वरक, कीटनाशक अथवा कृषि उत्पाद की खरीदारी से पूर्व उसकी गुणवत्ता, लेबल, लाइसेंस, निर्माता एवं विक्रेता की वैधता की जांच अवश्य करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं संबंधित विभाग को दें, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button