छत्तीसगढ़राज्य

शोभायात्रा में तरूण सोनी के भजनों पर जमकर झूमे श्रद्धालु

श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में धूमधाम से मनाया चतुर्थ वार्षिकोत्सव 151 श्रद्धालु अपने मनोरथ पूर्ति के लिए सवामणी का भोग लगाया

रायपुर। संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के चार वर्ष पूर्ण होने पर चौबे कालोनी स्थित श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में वार्षिकोत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। कोलकाता के कलाकारों द्वारा मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरूआत प्रात: 7 बजे श्री गणेश मंंदिर अग्रसेन चौक से गाजे-बाजे, रामदरबार, बाहुबली हनुमान, जामवंत, वानर की झांकी एवं आतिशबाजी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा में तरूण सोनी एण्ड पार्टी द्वारा लाइव भजन की प्रस्तुति दी गई। मेरे भारत का बच्चा-बच्चा, जयश्रीराम जपे हनुमान, कलयुग में सिद्ध हो देव तुम्ही, छम-छम नाचे देखो, बजरंग बली मेरी नाव चली जैसे कई भजनों के जरिए श्रद्धालुओं को रास्तेभर नाचने पर मजबूर कर दिया। अंर्तराष्ट्रीय कलाकार विकास मालवी ने 45 डिग्री तापमान पर सिर में 251 जलते दीए रखकर कील व कांच पर चौक-चौराहों पर मंत्रमुग्ध कर देने वाला नृत्य प्रस्तुत किया। महिलाएं व पुरूष पारंपरिक वेशभूषा में बजरंग बली के पताका लेकर शामिल हुए। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभायात्रा का समापन श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में श्रीराम व हनुमान जी के जयकारों के साथ हुआ।

श्री हनुमंत सेवा समिति ने बताया कि मंदिर में पूजा अर्चना, ज्योत व 151 श्रद्धालु अपने मनोरथ पूर्ति के लिए सवामणी का भोग लगाया। भक्तों को हनुमान जी का गद्दा व प्रसाद भेंट किया गया। संध्या 5.30 बजे छत्तीसगढ़ के मशहूर गायक जे.पी. शर्मा व मिनाक्षी राऊत द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई। मेरी विनती सुनो राधा रानी, रामजी की निकली सवारी, हे दुखभंजन मारूती नंदन, मेरी झोपड़ी के भाग, श्रीराम जानकी बैठे है मेरे सीने में, बजरंग बली का क्या कहना, सुख के सब साथी दुख में न कोय जैसे कई भजनों पर प्रस्तुति दी। रात्रि 8 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने एक स्वर में प्रभु को याद किया। रात्रि 8.15 बजे आरती व छप्पन भोग, 8.30 बजे आमजनों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है।

Related Articles

Back to top button