
जगदलपुर । बस्तर की प्रतिभाएं अब देश के अग्रणी औद्योगिक मंचों पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जिला प्रशासन बस्तर के सतत प्रयासों के फलस्वरूप जिले की 12 युवतियों का चयन विख्यात इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता कंपनी फॉक्सकॉन बेंगलुरु में हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टरेट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके सफल, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना एवं सहायक कलेक्टर यशवंत नायक भी उपस्थित थे।
संवाद के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी चयनित बेटियों को बधाई देते हुए उनकी चयन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने युवतियों का हौसला बढ़ाते हुए आश्वस्त किया कि दूसरे शहर में कार्य करने के दौरान यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या चुनौती का सामना करना पड़े, तो वे बिना किसी झिझक के तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन हर कदम पर उनकी सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव ढाल बनकर खड़ा रहेगा। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी चयनित युवतियों को शुभकामनाएँ देते हुए कार्यस्थल पर पूरी निष्ठा, लगन और ईमानदारी से कार्य सीखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यहाँ प्राप्त बेहतर अनुभव भविष्य में प्रगति के नए और उत्कृष्ट अवसर दिलाने में सहायक सिद्ध होगा। वहीं सहायक कलेक्टर ने चयनित युवतियों को निडर रहकर, पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और हर परिस्थिति में निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया।



