छत्तीसगढ़राज्य

अवैध हथियार लेकर दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार, यूपी कनेक्शन की भी जांच

Contact Us :- 9862856285 Contact Us :- 9862856285

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सरफराज खान पूर्व में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य राज्यों से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल एवं एसडीओपी माना लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में थाना सिलतरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 4-5 अगस्त की दरमियानी रात थाना सिलतरा की टीम रात्रिकालीन गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम निमोरा के पंचायत भवन के सामने एक युवक देशी कट्टा लेकर लोगों में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस तथा चार खाली 8 एमएम कारतूस बरामद किए गए। आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर थाना सिलतरा में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में पता चला कि सरफराज खान वर्ष 2022 में थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के प्रकरण में भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया और प्रयागराज जिले का निवासी है तथा वर्तमान में रायपुर जिले के ग्राम निमोरा में रह रहा था। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह कंवर, सहायक उप निरीक्षक कौशल मिर्झा, प्रधान आरक्षक कोमल वर्मा तथा आरक्षक अजय पटेल, प्रेम चनाब, भूपेंद्र टंडन और मुकेश जांगड़े की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button