छत्तीसगढ़राज्य

सेवा संकल्प अभियान : इंद्रावती के आंचल में बसे ककनार में बदली विकास की बयार

Contact Us :- 9862856285 Contact Us :- 9862856285
  • माओवाद के साये से निकलकर ग्रामीणों ने सेवा सेतु से गढ़ी नई उम्मीदें

जगदलपुर, इंद्रावती नदी के शांत तटों और खूबसूरत हरी-भरी पहाडि़यों के बीच बसा ग्राम ककनार अब एक नई पहचान गढ़ रहा है। कभी माओवाद के साये और भय के माहौल में सिमटा रहने वाला यह खूबसूरत अंचल अब विकास की मुख्यधारा से जुड़कर बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। इसी कड़ी में ग्रामीणों के दरवाजे तक शासन-प्रशासन की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत ककनार में गुरूवार को सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास की कुल 11 ग्राम पंचायतों को शामिल कर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री विनायक गोयल ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया। उनके साथ जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा के उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान कश्यप तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। पंचायत एवं कृषि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूद रहकर शासन की योजनाओं को अब अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए सार्थक प्रयास किया।
इस विशेष शिविर में सुदूर वनांचल से आए कुल 147 हितग्राहियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अपना पंजीयन कराया। यहाँ आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जन-धन खाता तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित कार्य तत्परता से किए गए। सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि शिविर में पंजीकृत सभी 147 हितग्राहियों के आवेदनों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निराकरण कर दिया गया।
कभी हिंसा और असुरक्षा के लिए जाने जाने वाले इस इलाके में पहली बार एक ही जगह पर इतनी बड़ी संख्या में सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और नई उम्मीद की चमक देखने को मिली।

Related Articles

Back to top button