छत्तीसगढ़राज्य

सूरजपुर के 38 गांवों में बिजली न पहुंचने पर AAP का सरकार पर हमला, स्मार्ट मीटर के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू

  • अडाणी के स्मार्ट मीटर से छत्तीसगढ़ की जनता हलाकान, इसके खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू हुआ – देवलाल नरेटी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, आप
  • 18 अगस्त से प्रदेश की 90 विधानसभाओं में आम आदमी पार्टी का व्यापक छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान शुरू हुआ

रायपुर। आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने सूरजपुर जिले की भटगांव विधानसभा के 38 गांवों में आज़ादी के 80 साल बाद भी बिजली नहीं पहुंचने को बेहद गंभीर मानते हुए कहा है कि बिजली के अभाव में ग्रामीणों को अंधेरे में जीवन और रोजमर्रा के काम करने पड़ते हैं। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित होती है। मोबाइल चार्जिंग, इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की कमी से ग्रामीण डिजिटल सुविधाओं से पीछे रह जाते हैं। स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य जरूरी सरकारी संस्थानों में बिजली की कमी जनसुविधाओं को कमजोर करती है। वाकई अब तक की सभी सरकारें इस इलाके में नाकाम रहीं हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों और बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के खिलाफ “स्मार्ट मीटर हटाओ, बिजली बिल घटाओ” जागरूकता के साथ हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया है । स्मार्ट मीटर लगने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिल और बिल की गणना को लेकर शिकायतें कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा स्तर पर घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे, बिजली बिलों की जानकारी जुटाएंगे और जनता को अभियान से जोड़ेंगे।

नरेटी ने बताया कि 18 अगस्त 2026 से प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी का व्यापक छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान भी शुरू किया गया है। अभियान के माध्यम से आम लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा और स्थानीय समस्याओं को लेकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जायेगा ।

देवलाल नरेटी ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा से जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर रही है, शिक्षा, स्वास्थ, बिजली और रोजगार को पार्टी ने प्राथमिकता दी इस कारण आम आदमी पार्टी का पूरे देश में विस्तार हो रहा है पढ़े लिखे और आम जनता पार्टी से जुड़ते जा रही है। आदिवासी अंचल छत्तीसगढ़ में भी पार्टी का जनाधार मजबूत हो रहा है और आने वाले चुनावों में जनता हमें आशीर्वाद देगी।

Related Articles

Back to top button