खेल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे वड़ोदरा में खेला जाना है। इस मैच में हर किसी की नजरें एक बार फिर रोहित शर्मा पर होगी।

नई दिल्ली; इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड तीन मैच की वनडे सीरीज का आगाज आज से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मैच वड़ोदरा के BCA स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में एक बार फिर हर किसी की नजरें रोहित शर्मा पर रहने वाली है। रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में ही एक्टिव है, ऐसे में फैंस उनकी झलक पाने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। रोहित शर्मा मैदान पर हों और वह कोई रिकॉर्ड ना तोड़े ऐसा बहुत कम बार होता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में उनके सामने वनडे में ‘सिक्सर किंग’ बनने का मौका होगा।

अब आप सोच रहे होंगे कि रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में शाहिद अफरीदी का सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड तो तोड़ दिया है। तो आपकी जानकीर के लिए बता दें कि यह रिकॉर्ड वनडे में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का है।

रोहित शर्मा ने हाल ही में वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। हिटमैन से पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के नाम था। अफरीदी ने अपने करियर में 351 छक्के जड़े थे। मगर अब 355 छक्कों के साथ रोहित शर्मा ने यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर इन 355 में से 327 छक्के जड़े हैं। वह वनडे में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल टॉप पर हैं। हालांकि रोहित और गेल के बीच अब ज्यादा अंतर रह नहीं गया है।

क्रिस गेल ने अपने वनडे करियर में पारी का आगाज करते हुए 328 छक्के जड़े थे, वहीं रोहित शर्मा 327 सिक्स के साथ दूसरे पायदान पर हैं। अगर आज न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में हिटमैन दो छक्के लगाते हैं तो वह इतिहास रच इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर लेंगे।

Related Articles

Back to top button