छत्तीसगढ़

रायपुर : जल संरक्षण का संदेश दे रहे आंगनबाड़ी के नन्हे कदम

Contact Us :- 9862856285 Contact Us :- 9862856285

रायपुर, भीषण गर्मी के बीच बस्तर जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में नौनिहालों ने जल संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का ऐसा संदेश दिया, जो समाज के लिए प्रेरणादायी बन गया है। जिले के 126 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘तितली’ संस्था के सहयोग से आयोजित विशेष गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पानी के महत्व, स्वास्थ्य सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

इस अभिनव पहल में बच्चों को पारंपरिक तरीके से समझाने के बजाय खेल, संवाद और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए यह बताया गया कि गर्मी के मौसम में शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए पर्याप्त पानी पीना कितना जरूरी है। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सीखा कि पानी केवल प्यास बुझाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का आधार है।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि नन्हे बच्चों को छोटी उम्र में ही सामाजिक जिम्मेदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्चों ने जाना कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसकी हर बूंद को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित इन गतिविधियों ने यह भी साबित किया कि यदि बच्चों को सही उम्र में सही संस्कार और व्यवहारिक शिक्षा मिले, तो वे भविष्य में जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने एक स्वर में “पानी बचाओ, स्वस्थ जीवन अपनाओ” का संकल्प लेकर समाज को जल संरक्षण का संदेश दिया।

यह पहल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का हिस्सा बनी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता की दिशा में भी एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में सामने आई है।

Related Articles

Back to top button