छत्तीसगढ़राज्य

बसना में भाजपा की डिजिटल प्लेटफॉर्म कार्यशाला संपन्न; सुमित अग्रवाल बोले–डिजिटल प्लेटफॉर्म से जनता और संगठन के बीच बढ़ेगी पारदर्शिता

 

*भाजपा को हाईटेक बनाने बसना में महा-मंथन,सुमित अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को सिखाए डिजिटल साक्षरता के गुर*

*बूथ स्तर तक डिजिटल महाअभियान से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगी जनकल्याणकारी योजनाएं : सुमित अग्रवाल*

*बसना*। आधुनिक युग की मांग के अनुरूप संगठन को तकनीकी रूप से सुदृढ़, सक्रिय और पूरी तरह हाईटेक बनाने के उद्देश्य से बसना के स्थानीय मंगल भवन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘डिजिटल प्लेटफॉर्म कार्यशाला एवं सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में बसना मंडल के प्रभारी संजय शर्मा, सह-प्रभारी मंत्री प्रधान, डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रभारी विपिन उपेजजा, अनिल अग्रवाल, आयुष सिन्हा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल,विधानसभा संयोजक डॉ एन के अग्रवाल,वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल सहित मंडल अध्यक्ष बसना नरेंद्र यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल टूल्स, सोशल मीडिया और विभिन्न तकनीकी प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से संगठन की राष्ट्रवादी नीतियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने की रणनीति पर विस्तार से रोडमैप तैयार किया गया।

मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल ने कहा कि आज के इस प्रतिस्पर्धी और आधुनिक युग में डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल आपसी संवाद का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह संगठन की रीढ़ बन चुका है। केंद्र की माननीय नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचाने में तकनीक की भूमिका सर्वोपरि है। डिजिटल माध्यमों से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और जनता का भरोसा सरकार पर मजबूत हुआ है।

सुमित अग्रवाल ने आगे जोर देते हुए कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अब डिजिटल रूप से साक्षर होकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार और अफवाहों का तथ्यों के साथ मुंहतोड़ जवाब देगा। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक हमारे सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ और जनप्रतिनिधि एकजुट होकर इस डिजिटल महाअभियान को सफल बनाएंगे और संगठन को एक नई वैचारिक व तकनीकी ऊंचाई पर ले जाएंगे। हमारा लक्ष्य हर नागरिक को सीधे संगठन से जोड़ना है।

इस कार्यशाला में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से लेकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। इस डिजिटल कार्यशाला में संगठन के प्रमुख स्तंभों सहित त्रिस्तरीय पंचायती राज और नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों की ऐतिहासिक मौजूदगी रही। कार्यक्रम में शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बीएलए-2, बूथ सचिव के साथ-साथ महिला प्रमुख, मन की बात प्रमुख और व्हाट्सएप प्रमुखों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त महिला, किसान, पिछड़ा वर्ग, युवा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्षों ने अपनी पूरी कार्यकारिणी के साथ सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर जनपद व जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यगण तथा नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद और एल्डरमैन सहित सभी निर्वाचित व मनोनीत स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी भागीदारी ने इस डिजिटल महाकुंभ को और अधिक प्रभावी बना दिया।

सभी उपस्थित अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देंगे और न केवल राजनीतिक रूप से बल्कि शासकीय योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए भी तकनीक का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करेंगे। कार्यशाला के अंत में सभी कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक ट्रेनिंग भी दी गई।

Related Articles

Back to top button