छत्तीसगढ़राज्य

क्रिकेट का महासंग्राम- 23वाँ डी.आर.एम. कप 2026 समापन समारोह

Contact Us :- 9862856285 Contact Us :- 9862856285

 

  • फाइनल मुकाबला ऑपरेटिंग एवं वैगन रिपेयरिंग शॉप (डब्ल्यू.आर.एस.) के बीच खेला गया।
  • ऑपरेटिंग टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर डी.आर.एम. कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम की।

रायपुर- दक्षिण पूर्व मध्य रेल खेल संघ, रायपुर द्वारा आयोजित क्रिकेट के महासंग्राम 23वें डी.आर.एम. कप 2026 का भव्य समापन समारोह दिनांक 13 मार्च 2026 को सेकरसा मैदान में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि माननीय मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद जी रहे। कार्यक्रम में मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री भंडारी जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं वरिष्ठ मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल गर्ग की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
फाइनल मुकाबला ऑपरेटिंग एवं वैगन रिपेयरिंग शॉप (डब्ल्यू.आर.एस.) के बीच खेला गया। इससे पूर्व सेमीफाइनल में ऑपरेटिंग टीम ने ट्रैक मशीन ऑपरेशन को तथा डब्ल्यू.आर.एस. ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था। फाइनल मैच का शुभारंभ शानदार आतिशबाजी एवं ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ।
टॉस जीतकर डब्ल्यू.आर.एस. ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 9 विकेट पर 81 रन बनाए। डब्ल्यू.आर.एस. की ओर से रूद्र मूर्ति ने 29 रन तथा के. साई कुमार ने 21 रन का योगदान दिया। ऑपरेटिंग की ओर से ओमप्रकाश सिंह ने 15 रन देकर 3 विकेट तथा श्रीनू ने 2 विकेट हासिल किए।
82 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑपरेटिंग टीम की शुरुआत को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि टीम आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लेगी, किंतु डब्ल्यू.आर.एस. के खिलाड़ियों की संघर्षपूर्ण खेल भावना ने मैच का रुख बदल दिया। जीत की दहलीज पर महत्वपूर्ण विकेट गिरने से मुकाबला टाई हो गया। अंतिम ओवर में अम्बिकेश गिरि की सधी हुई गेंदबाजी के सामने ऑपरेटिंग टीम जीत के लिए आवश्यक 10 रन नहीं बना सकी।
निर्णय के लिए हुए सुपर ओवर में ऑपरेटिंग की ओर से टिकेंद्र और हेमंत ने एक छक्का और एक चौके की मदद से 11 रन बनाए। जवाब में डब्ल्यू.आर.एस. की ओर से साई और राजा बल्लेबाजी करने उतरे, किंतु वे लक्ष्य तक नहीं पहुँच सके और इस प्रकार ऑपरेटिंग टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की।
टूर्नामेंट में तीसरा स्थान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
ओमप्रकाश सिंह को मैन ऑफ द मैच के साथ-साथ बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया।
आरपीएफ के एन. के. महाना को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा अधिकतम छक्के लगाने के लिए पुरस्कृत किया गया।
ट्रैक मशीन के ओम प्रकाश को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तथा उदित नारायण को बेस्ट इमरजिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब ट्रैक मशीन के डोमेश साहू को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
इस वर्ष मंडल में कार्यरत महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु महिला दिवस के अवसर पर प्रथम महिला डी.आर.एम. कप 2026 का भी आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में मेकैनिकल टीम ने इलेक्ट्रिक लोको शेड भिलाई को पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। कुमारी पंकज सांगवान को उनके उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विमेन ऑफ द फाइनल तथा विमेन ऑफ द सीरीज चुना गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में सभी अतिथियों का प्लांटर भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री राहुल गर्ग ने आयोजन से संबंधित जानकारी देते हुए सेकरसा की आयोजन समिति के उत्कृष्ट प्रबंधन की सराहना की।
मुख्य अतिथि श्री दयानंद जी ने दोनों टीमों को रोमांचक मुकाबले के लिए बधाई दी और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक महोदय के करकमलों से जोन की हैंडबॉल टीम को भी सम्मानित किया गया, जिसने बनारस में आयोजित अखिल रेल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। इसी प्रकार देहरादून में आयोजित अखिल रेल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम को भी सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त आयोजन समिति के सदस्यों, खिलाड़ियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को भी मुख्य अतिथि के करकमलों से सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में ढोल-नगाड़ों एवं आतिशबाजी के बीच विजेता टीमों को चमचमाती ट्रॉफियां प्रदान की गईं, जिससे पूरा सेकरसा मैदान उत्साह और उल्लास से गूंज उठा।

Related Articles

Back to top button